कारोबार

विवाह समारोह की अनुमति के लिए इंदौर कलेक्टर कार्यालय में लगी भीड़

Indore Bureau - vaidikpostnews.com 23-Nov-2020 02:51 pm

इंदौर, । कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर इंदौर में रात्रिकालीन कर्फ्यू शुरू हो चुका है। चूंकि नवंबर के अंतिम सप्ताह और दिसंबर में विवाह समारोह के मुहूर्त हैं और कई परिजनों ने विवाह समारोह की तैयारी करके रखी है लेकिन राज्य सरकार के आदेश के बाद वैवाहिक घरों के परिजन परेशानी में पड़ गए हैं। सोमवार को जिला प्रशासन की अनुमति के लिए बड़ी संख्या में लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।
राज्य सरकार के निर्देश के बाद शहर में रात्रिकालीन कर्फ्यू रात्रि 10 बजे से सुबह छह बजे तक लगेगा। इसके अलावा जिला प्रशासन ने अपने आदेश में कहा कि सार्वजनिक समारोह में भी सीमित संख्या में लोगों को आमंत्रित किया जा सकेगा। इसकी सूचना प्रशासन को भी देनी होगी। ऐसा नहीं करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इंदौर में देवउठनी ग्यारस (25 नवंबर) को काफी विवाह समारोह होने हैं और इस तारीख के लिए कईं परिजनों ने काफी पहले ही विवाह पत्रिकाएं बांट दी है। कुछ ने तो अच्छी खासी संख्या में लोगों को आमंत्रित किया है। इसके लिए स्नेह भोज की सभी तैयारी पूरी हो गई है लेकिन परिजनों को यह चिंता सताए जा रही है कि स्नेह भोज को रात 10 बजे के पहले कैसे निबटाया जाए। इन तैयारी के बीच परिजनों को अनुमति के लिए भी कलेक्टर कार्यालय जाना पड़ रहा है, क्योंकि किसी सार्वजनिक समारोह के लिए प्रशासन की अनुमति जरूरी है। सोमवार को विवाह समारोह आयोजित करने वाले परिजन अनुमति के लिए कलेक्टर कार्यालय बड़ी तादाद में इकट्ठा हो गए। भीड़ इतनी हो गई की एसडीएम पराग जैन को अनुमति लेने वाले आवेदकों की लाइन लगवानी पड़ी।

ताज़ा खबर

अपना इंदौर