कारोबार

आइआइटी इंदौर और एनसीसीएस ने मिलकर तैयार किया कोविड-19 वैक्सीन, ट्रायल शुरू

Indore Bureau - vaidikpostnews.com 20-Oct-2020 02:27 pm

इंदौर । आइआइटी इंदौर ने नेशनल सेंटर फॉर सेल साइंस (एनसीसीएस) के साथ काम कर कोविड-19 वायरस का वैक्सीन तैयार कर लिया है। आइआइटी इंदौर अब इस वैक्सीन के क्लीनिकल ट्रायल पर भी आगे बढ़ चुका है। संस्थान के बायोसाइंस व बायोमेडिकल साइंस के प्रोफेसर और शोधार्थी वैक्सीन का जानवरों पर परीक्षण कर रहे हैं। संस्थान को उम्मीद है कि आगामी कुछ महीनों में वैक्सीन उत्पादन के अंतिम स्तर तक पहुंच जाएगा। सोमवार को आइआइटी इंदौर के आठवें दीक्षा समारोह के मौके पर संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो.निलेश जैन ने वैक्सीन के विकास की दिशा में मिली सफलता की भी घोषणा की।
आइआइटी और पुणे के एनसीसीएस के साथ कुछ अन्य संस्थान मिलकर बीते कुछ महीनों से कोविड-19 के वैक्सीन पर शोध में जुटे थे। आइआइटी में बायोसाइंस व बायोमेडिकल साइंस के प्रोफेसर डॉ.देबाशीष नायक की अगुवाई में अब वैक्सीन के परीक्षण का काम जारी है। निदेशक प्रो.जैन के मुताबिक वैक्सीन तैयार करने के काम में संयुक्त रूप से एक साथ कई एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। मानव के लिए सुरक्षित वैक्सीन तैयार करने के लिए आइआइटी व पुणे के एनसीसीएस ने मिलकर कोरोना फैलाने वाले सार्स कोविड-19 वायरस का स्यूडोटाइप वायरस जिसे वैज्ञानिक भाषा में वीएसवी कहा जाता है, तैयार किया है। वीएसवी वायरस का कम तीव्रता वाला (माइल्ड) प्रकार होता है।

ताज़ा खबर

अपना इंदौर