क्राइम

मप्र / धार में हाइवे पर खड़ी बस को तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर, दो की मौत; 12 यात्री घायल

Indore Bureau - vaidikpostnews.com 20-May-2019 11:59 am


धार. यहां नेशनल हाईवे -3 पर सोमवार अलसुबह एक तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे खड़ी दूसरी बस को टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा यात्री घायल हैं। प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि बस चालक को झपकी आने के कारण टक्कर हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा मुंबई-आगरा मार्ग पर धामनोद थाना क्षेत्र के खलघाट के पास हुआ।
पुलिस ने बताया कि हादसा अलसुबह करीब 5 बजे हुआ है। यहां पवन ट्रैवल्स की बस का टायर पंचर हो गया था। इसके बाद बस स्टाफ उसे सड़क किनारे लगाकर स्टेपनी बदल रहा था। इसी दौरान पुणे से इंदौर जा रही सिद्धि विनायक ट्रैवल्स की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराई। बस की गति तेज होने से बस में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में खंबा संगमनेर महाराष्ट्र निवासी पोपटलाल पिता बापू जी दातिर और नेत्रपाल पिता मान सिंह निवासी इंदौर की मौत हो गई। वहीं, बस में सवार 12 यात्री घायल हैं, जिसमें तीन की हालत गंभीर है। घायलों को धामनोद अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

ताज़ा खबर

अपना इंदौर