कारोबार

लोहा मंडी में आधी रात तीन गोदामों में लगी आग, 30 टैंकर पानी और 500 लीटर फोम से पाया आग पर काबू

Indore Bureau - vaidikpostnews.com 04-Jan-2019 07:01 pm


इंदौर. लोहा मंडी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक के बाद एक तीन गोदामों में आग लगने से करोड़ों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। तंग गलियां होने से मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग काे बढ़ता देख पुलिस-प्रशासन ने सड़क किनारे झोपड़ी में रह रहे परिवारों को तत्काल यहां से हटाया। 30 टैंकर पानी और 500 लीटर फोम की मदद से चार से पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फायर ब्रिगेड अधिकारी के अनुसार रात करीब एक बजे सूचना मिली थी कि लोहामंडी क्षेत्र स्थित गोदाम में आग लग गई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे तो पाया कि यहां एक गोदाम में लगी आग ने तेजी से अन्य दो गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया है। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तंग गलियां होने से भीतर जाने में काफी परेशानी हुई। बाद में जैसे-तैसे रास्ता बनाकर दमकल की गाड़ियों को मौके तक ले जाया गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पांचों गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान 30 टैंकर पानी और 500 लीटर फोम का उपयोग किया गया।
मिली जानकारी अनुसार आग अल्ताफ पिता हुसैन के ट्रांसपोर्ट गोदाम में लगी थी। टायर सहित अन्य सामान होने से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग ने कुछ ही पल में राजीव पिता स्वतंत्र दुआ के इलेक्ट्रानिक गोदाम और फिर रवि पिता रामदास सिंघल के प्लास्टिक गोदाम का चपेट में ले लिया। आग बढ़ती देख यहां अफरा-तफरी मच गई। भीड़ ज्यादा होने से दमकल को आग पर काबू पाने में परेशानी हुई। आग बढ़ती देख पुलिस-प्रशासन ने तत्काल सड़क किनारे झोपड़ी में सोने वाले परिवारों को वहां से हटाया। बताया जा रहा है कि तीनों गोदामों में रखा करोड़ों रुपए का माल जलकर खाक हो गया है।

ताज़ा खबर

अपना इंदौर